धार , जून 01 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के नौगांव थाना क्षेत्र में टेलीग्राम लिंक के माध्यम से निवेश पर अधिक लाभ का लालच देकर एक युवक से लगभग साढ़े तीन लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम उटावद निवासी चिंटू नायक (28) से 23 मई की रात एक अज्ञात व्यक्ति ने टेलीग्राम के माध्यम से संपर्क किया। आरोपी ने घर बैठे निवेश कर अधिक लाभ कमाने का झांसा दिया और एक लिंक भेजकर कथित लाभ खाता एवं पासवर्ड बनवाया।
आरोपी ने अधिक मुनाफे का प्रलोभन देकर युवक से अलग-अलग किस्तों में कुल 3 लाख 45 हजार 839 रुपये जमा करवा लिए। प्रारंभ में खाते में लाभ दर्शाए जाने से युवक को विश्वास हो गया, लेकिन जब उसने राशि निकालने का प्रयास किया तो रकम नहीं निकली।
ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने साइबर शाखा में शिकायत दर्ज कराई। तकनीकी जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नौगांव थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित