श्रीगंगानगर , जून 27 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक अधेड़ व्यक्ति ने फांसी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान जसवंत कुम्हार (45) के रूप में हुई है, जो श्रीगंगानगर की एक टेलरिंग शॉप में टेलर मास्टर के रूप में काम करता था। वह बसंती चौक के निकट पवन धाम मंदिर रोड पर स्थित शिवालिक एनक्लेव (सेकंड) कॉलोनी में रहता था। जसवंत की पत्नी कुछ दिनों से हनुमानगढ़ अपने पीहर गयी हुई थी। जसवंत का एक भाई राकेश एक गली पीछे दूसरे मकान में रहता है। घर में उसकी बुजुर्ग मां थी। सुबह मां ने उसे कमरे में फंदे पर लटकते हुए देखा तो उसने अपने दूसरे पुत्र राकेश को बुलाया। इसके बाद सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
आत्महत्या की वजह अभी सामने नहीं आयी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित