संतकबीरनगर , फरवरी 24 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों ने मंगलवार को टेट अनिवार्यता के विरोध में काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य किया।

यह विरोध उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले जिलाध्यक्ष अंबिका देवी यादव के नेतृत्व में किया गया। शिक्षकों ने टेट अनिवार्यता को 'काला कानून' बताते हुए बोर्ड परीक्षा तथा एसआईआर (स्कूल इन्फॉर्मेशन रिपोर्ट) कार्य के दौरान भी काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया।

खलीलाबाद के जूनियर हाई स्कूल पटखौली में आयोजित विरोध कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अंबिका देवी यादव, संरक्षक गंगा प्रसाद यादव, मंत्री केसी सिंह और उपाध्यक्ष शोएब अहमद समेत अन्य शिक्षकों ने भाग लिया। जिलाध्यक्ष ने बताया कि यह विरोध 25 फरवरी तक जारी रहेगा। उन्होंने जनपद के सभी शिक्षकों से एकजुटता दिखाने के लिए काली पट्टी बांधने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि अगले चरण में 26 फरवरी 2026 को बीएसए कार्यालय पर धरना दिया जाएगा। इसके बाद शिक्षक बीएसए कार्यालय से जिलाधिकारी कार्यालय तक जुलूस निकालेंगे और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित