कोलंबो , फरवरी 14 -- कप्तान लोर्कान टकर (नाबाद 94), गैरेथ डेलेनी (56) तथा जॉर्ज डॉकरेल (नाबाद 35) की विस्फोटक बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत आयरलैंड ने शनिवार टी-20 विश्वकप के 22वें मुकाबले में ओमान को 96 रनों से हराया।

आज यहां 236 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओमान के अधिकतर बल्लेबाज आयरलैंड के गेंदबाजी आक्रमण के बेबस नजर आये और उनकी पूरी टीम 18 ओवर में 139 के स्कोर पर सिमट गई। आमिर कलीम ने ओमान के लिए सर्वाधिक 50 रन बनाये। इस दौरान उन्होंने 29 गेंदों का सामना किया और पांच चौके और दो छक्के लगाये। इसके अलावा हम्माद मिर्जा ने 37 गेंदों में छह चौके और एक छक्का उड़ाते हुए 46 रनों की पारी खेली। सुफियान महमूद 10 रन बनाकर आउट हुये। शेष आठ बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके।

आयरलैंड के लिए जॉश लिटिल ने 16 रन देकर तीन विकेट झटके। मैथ्यू हम्फ्रीज और बैरी मक्कार्थी को दो-दो विकेट मिले। जॉर्ज डॉकरेल ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित