मुंबई , मई 07 -- मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने आज घोषणा की कि टी 20 मुंबई लीग का चौथा सीजन और टी20 मुंबई महिला लीग का पहला सीजन 1 से 13 जून तक मशहूर वानखेड़े स्टेडियम में होगा। इसके साथ ही शहर में क्रिकेट के एक बड़े उत्सव की शुरुआत होगी।
पुरुषों और महिलाओं की लीग एक साथ होंगी। यह एमसीए के उस लक्ष्य की दिशा में एक बड़ा कदम है, जिसके तहत वह हर वर्ग के क्रिकेट टैलेंट को एक बड़ा मंच देना चाहता है।
पुरुषों की लीग में दुनिया के कुछ सबसे बड़े क्रिकेट सितारे और शहर के सबसे होनहार उभरते खिलाड़ी एक साथ नजर आएंगे। इनमें सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, अजिंक्य रहाणे, यशस्वी जायसवाल, शिवम दुबे, सरफराज खान, शार्दुल ठाकुर, तुषार देशपांडे, आयुष म्हात्रे, अंगकृष रघुवंशी, मुशीर खान, सूर्यांश शेडगे और अभिज्ञान कुंडू जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।
पहली महिला लीग में भी घरेलू क्रिकेट की कुछ जानी-मानी खिलाड़ी और सबसे होनहार युवा खिलाड़ी नज़र आएंगी। इनमें सायली सतघरे, साइमा ठाकुर, हुमैरा काज़ी, और टीनएज बैटिंग सेंसेशन इरा जाधव शामिल हैं। इरा जाधव नीलामी में सबसे महंगी बिकी थीं। इनके अलावा सानिका चालके और सिमरन शेख भी इस लीग का हिस्सा होंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित