रायपुर , मार्च 09 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी में रायपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रायपुर पुलिस आयुक्तालय की अपराध शाखा द्वारा टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल मुकाबले के दौरान की गई। आरोप है कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए मैच पर ऑनलाइन माध्यम से सट्टा लगाया और खिलाया जा रहा था।
पुलिस को मिली सूचना के आधार पर दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश दी गई। डीडी नगर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अनिल खत्री और लीला राम पहलाजानी को पकड़ा गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ये दोनों आरोपी एक ऑनलाइन वेबसाइट के माध्यम से क्रिकेट मैच पर दांव लगवाने का काम कर रहे थे।
इसी तरह तेलीबांधा थाना क्षेत्र में भी अपराध शाखा ने छापा मारकर धरमू उर्फ धर्मेंद्र पोहानी, संजय तकटानी उर्फ सोनू, राहुल असलानी और अभय शर्मा को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक ये आरोपी एक विशेष आईडी के जरिए ऑनलाइन सट्टेबाजी संचालित कर रहे थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, लैपटॉप सहित ऑनलाइन लेन-देन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम-2022 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित