हैदराबाद , अक्टूबर 14 -- सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स के साथ खिलाड़ी के ट्रेड (अदला-बदली) को सफलतापूर्वक पूरा करते हुए टी नटराजन को अपनी टीम में वापस बुला लिया है। वहीं, दूसरी ओवर जीशान अंसारी कैपिटल्स की टीम में शामिल हो गए हैं।

कैपिटल्स ने 2025 के खिलाड़ी नीलामी में नटराजन को 10.75 करोड़ रुपये में खरीदा था। उन्होंने कैपिटल्स के लिए दो सीज़न में 12 मैच खेले और पांच विकेट लिए। अब वह पांच करोड़ रुपये की संशोधित फीस पर सनराइजर्स से जुड़ेंगे। दूसरी ओर, ट्रेड के बाद अंसारी की मौजूदा फीस 40 लाख रुपये ही रहेगी।

नटराजन, जिन्होंने 2020 से 2024 तक सनराइजर्स का प्रतिनिधित्व किया, ने 2024 में अपना सबसे बेहतरीन आईपीएल सीजन खेला; उन्होंने 19 विकेट लिए और टीम के लिए सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ बने। उस साल सनराइजर्स के फ़ाइनल तक पहुँचने में इस बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ ने अहम भूमिका निभाई थी। नटराजन ने 73 आईपीएल मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 32.97 की औसत और 9.21 की इकॉनमी से 72 विकेट लिए हैं।

नटराजन 2017 में अपने पहले आईपीएल सीजन में पंजाब फ्रैंचाइजी का हिस्सा थे, और फिर आईपीएल 2018 से पहले 40 लाख रुपये में एसआरएच में चले गए। चोट के कारण वह उस साल नहीं खेल पाए, और एसआरएच द्वारा रिटेन किए जाने के बाद अगले साल भी उन्हें कोई मैच खेलने को नहीं मिला। आईपीएल 2022 से पहले एसआरएच ने इस बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ को 4 करोड़ रुपये में वापस अपनी टीम में शामिल किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित