मुंबई , जून 17 -- प्रौद्योगिकी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) को कागज के पैकेजिंग उत्पाद और फिलिंग उपकरण बनाने वाली कंपनी इलोपैक से उसके आईटी संचालन में आमूलचूल बदलाव के लिए एक बहुवर्षीय ठेका मिला है।

इलोपैक का कारोबार 40 से अधिक देशों में फैला हुआ है और वह 70 से अधिक बाजारों में सेवाएं प्रदान करती है। इस साझेदारी के तहत टीसीएस इलोपैक की रणनीतिक आईटी भागीदार बनेगी। वह प्रक्रिया-केंद्रित परिचालन मॉडल के माध्यम से उसके वैश्विक आईटी संचालन के रूपांतरण और प्रबंधन की जिम्मेदारी उठायेगी।

टीसीएस ने बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वह इलोपैक के आईटी संचालन में उन्नत विश्लेषण और स्वचालन का समावेश करेगी। इसमें भारतीय कंपनी के स्वामित्व वाले एआई-संचालित भविष्योन्मुख सेवा वितरण समाधान सूट 'कोग्निक्स' की तैनाती भी शामिल है। इसमें एक एकीकृत सेवा डेस्क की स्थापना और प्रमुख एंटरप्राइज एप्लिकेशन का उन्नयन भी किया जायेगा।

इलोपैक की मुख्य सूचना अधिकारी मेरेथे जोहानसन ने कहा कि यह साझेदारी कंपनी की डिजिटल महत्वाकांक्षाओं को आगे बढ़ाने और वैश्विक संचालन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे उसकी दक्षता बढ़ाने, उपयोगकर्ताओं के अनुभव को बेहतर बनाने और अपने विकास लक्ष्यों को हासिल करने में मदद मिलेगी।

टीसीएस के विनिर्माण व्यवसाय के अध्यक्ष अनुपम सिंघल ने कहा कि आज के कारोबारी वातावरण में उद्यमों को ऐसे डिजिटल आधार की आवश्यकता है जो लगातार जरूरत के अनुसार अनुकूलित और विकसित हो सकें। इस साझेदारी के माध्यम से कंपनी इलोपैक को एआई, स्वचालन और क्लाउड की मदद से उसके आईटी संचालन का आधुनिकीकरण करने में सहायता करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित