चेन्नई , मार्च 17 -- अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) 23 अप्रैल को होने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अकेले अपने दम पर मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।

टीवीके के अकेले अपने दम पर चुनाव लड़ने से राज्य में मुकाबला अब चार दलों के बीच हो जाएगा । द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेतृत्व वाले गठबंधन और मुख्य विपक्षी दल अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के नेतृत्व वाले राजग के अलावा, टीवीके और फिल्म निर्माता सीमन की पार्टी 'नाम तमिलर काची' (एनटीके) मैदान में होगी।

जहाँ टीवीके इस चुनाव में अपनी शुरुआत कर रही है, पिछले लोकसभा चुनावों में आठ प्रतिशत मत हासिल कर एनटीके पहले ही राज्य स्तरीय पार्टी का मान्यता प्राप्त कर चुकी है।

करूर भगदड़ मामले में तीसरी बार दिल्ली में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के सामने पेश होने से इन अटकलों को बल मिला है कि भाजपा अभिनेता पर राजग में शामिल होने के लिए दबाव बना रही है, हालांकि अभिनेता ने इस पर चुप्पी साध रखी है। भाजपा के साथ बातचीत की मीडिया रिपोर्टों का खंडन करने का काम के.ए. सेंगोट्टइयन और सीटीआर निर्मल कुमार जैसे टीवीके के दूसरी पंक्ति के नेताओं पर छोड़ दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित