चंडीगढ़ , मई 11 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'टीबी मुक्त भारत' संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चंडीगढ़ प्रदेश द्वारा विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत टीबी रोगियों को प्रोटीन युक्त पौष्टिक आहार किट निशुल्क वितरित की गईं, ताकि मरीजों को बेहतर पोषण और स्वास्थ्य सहायता मिल सके।
कार्यक्रम में भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष जितेंदर पल मल्होत्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अपने हाथों से टीबी मरीजों को स्वास्थ्य किट वितरित कीं। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री के 'टीबी मुक्त भारत' अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और समाज को इस मुहिम से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के दौरान मरीजों को पौष्टिक भोजन, नियमित दवा और स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों की भागीदारी से आयोजित इस सेवा अभियान का उद्देश्य टीबी मरीजों को शारीरिक और मानसिक रूप से सहयोग प्रदान करना रहा।
भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी के खिलाफ लड़ाई केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता से ही सफल हो सकती है। इसी सोच के साथ जरूरतमंद मरीजों तक सहायता पहुंचाने के लिए ऐसे सेवा कार्य आगे भी जारी रखे जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित