कोलकाता , अगस्टत 11 -- टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) यानी सुरंग खोदने वाली मशीन 'दिव्या' ने खिदिरपुर से विक्टोरिया मेट्रो स्टेशन तक 1.72 किलोमीटर लंबी भूमिगत सुरंग की खुदाई मंगलवार को पूरी कर ली और इसी के साथ ही कोलकाता मेट्रो ने सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में अहम उपलब्धि हासिल कर ली।

यह सुरंगा पर्पल लाइन पर बनायी गयी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टीबीएम 'दिव्या' ने सफलतापूर्वक अपना काम पूरा किया। इससे जोका-एस्प्लेनेड मेट्रो गलियारे पर खिदिरपुर और विक्टोरिया के बीच दूसरी भूमिगत सुरंग बनाने का काम पूरा हो गया।

उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि कोलकाता के शहरी सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को मजबूत करने और जोका-एस्प्लेनेड मेट्रो गलियारे के निर्माण को आगे बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम है।

इस सुरंग को बनाने के लिए जिस टीबीएम का इस्तेमाल किया गया, वह 6.60 मीटर व्यास (डायमीटर) वाली ईपीबी-टाइप टीबीएम है, जिसे कोलकाता की नरम मिट्टी और ऊंचे भूजल स्तर वाली स्थितियों में काम करने के लिए डिज़ाइन किया गया है।

इससे पहले पर्पल लाइन पर ही 10 जुलाई को टीबीएम 'दुर्गा' ने खिदिरपुर और विक्टोरिया के बीच पहली सुरंग का काम पूरा किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित