चिक्कमगलुरु , अगस्त 24 -- कर्नाटक के चिक्कमगलुरु में ईद मिलाद जुलूस से पहले टीपू सुल्तान के 40 फुट ऊंचे कटआउट और पाकिस्तान तथा मुजाहिदीन के संदर्भ वाले कथित भड़काऊ गीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने दो नाबालिगों समेत सात युवकों को हिरासत में लिया है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं ने इस मामले को लेकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस के अनुसार, चिक्कमगलुरु टाउन थाने में वीडियो बनाने, अपलोड करने और प्रसारित करने में कथित रूप से शामिल लोगों के खिलाफ स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया गया है। हिरासत में लिये गये सातों युवकों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, वीडियो 'चिक्कमगलुरु टीपू बॉयज' नाम के इंस्टाग्राम पेज पर अपलोड किया गया था। इसमें बुधवार को होने वाले ईद मिलाद समारोह से पहले शहर में लगाए गए टीपू सुल्तान के 40 फुट ऊंचे कटआउट को दिखाया गया है। वीडियो में शामिल गीत में पाकिस्तान और मुजाहिदीन के संदर्भों के साथ कथित तौर पर हिंसा की धमकी वाले बोल भी हैं।

पुलिस हिरासत में लिये गये युवकों की भूमिका की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वीडियो बनाने, अपलोड करने और उसे प्रसारित करने में किसकी क्या भूमिका थी। वीडियो के वायरल होने के बाद मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने कथित राष्ट्रविरोधी और पाकिस्तान समर्थक सामग्री को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने पाकिस्तान के समर्थन को बढ़ावा देने वाले इस तरह के आचरण को निंदनीय बताते हुए कहा कि इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

भाजपा नेता कोटा श्रीनिवास पुजारी ने कहा कि वह चिक्कमगलुरु के पुलिस अधीक्षक से बात करेंगे और जरूरत पड़ने पर मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष भी उठायेंगे। उन्होंने गृह विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता सीटी रवि ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि वह पुलिस अधीक्षक से इस संबंध में बात करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान समर्थक बैनर और गीतों के जरिए माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित