भुवनेश्वर , अगस्त 06 -- टाटा पावर और ओडिशा सरकार के संयुक्त उद्यम टीपी सेंट्रल ओडिशा डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (टीपीसीओडीएल) ने खुर्दा में मिली सफलता के बाद कटक जिले में 'सोलर रथ' अभियान शुरू किया है। इसका उद्देश्य छत पर सौर ऊर्जा प्रणाली को बढ़ावा देना और लोगों को स्वच्छ, सस्ती व टिकाऊ ऊर्जा के प्रति जागरूक करना है।
कटक के जिलाधिकारी कार्यालय से बुधवार को वरिष्ठ टीपीसीओडीएल अधिकारियों की मौजूदगी में 'सोलर रथ' को रवाना किया गया। इस अभियान का उद्देश्य 'पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना' के बारे में लोगों को जागरूक करना और परिवारों को अपने घरों की छतों पर सौर पैनल लगाने के लिए प्रेरित करना है।
यह जागरूकता वाहन कटक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में घूमेगा और उपभोक्ताओं को छत्त पर सौर पैनल लगाने के फायदों, इस योजना के तहत मिलने वाली सरकारी सब्सिडी तथा सौर पैनल को लगाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देगा। निवासियों से बातचीत करने, उनके सवालों के जवाब देने और जनसहभागिता बढ़ाने के लिए एक समर्पित 'सोलर संगी' टीम भी इस अभियान के साथ रहेगी।
इस अवसर पर कटक के जिलाधिकारी दत्तात्रेय भाऊसाहेब शिंदे ने कहा कि 'सोलर रथ' अभियान छत्त पर सौर पैनल लगाने से जुड़ी जानकारी को सीधे लोगों तक पहुंचाएगा, जिससे अधिक से अधिक परिवार 'पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना' का लाभ उठा सकेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित