रांची , अगस्त 18 -- स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) झारखंड ने आज यहां कहा कि टीडीपीएल के जरिए हुई परीक्षाओं, परिणामों और नियुक्तियों को रद्द करने का सरकार का फैसला छात्रों के लंबे संघर्ष की महत्वपूर्ण जीत है और इस फैसले का स्वागत करता है।
एसएफआई के राज्य संयोजक दानिश एवं रांची जिला पूर्व संयोजक सैयद फ़राज़ अब्बास ने कहा कि हमारी लड़ाई केवल परीक्षा रद्द कराने तक सीमित नहीं है। हमारी मांग है कि रद्द की गई सभी परीक्षाओं की पुनर्परीक्षा बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के, पूरी पारदर्शिता और निश्चित समय सीमा के भीतर कराई जाए।
उन्होंने कहा कि 2014 से अब तक भर्ती परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, सरकार स्पष्ट परीक्षा एवं नियुक्ति कैलेंडर जारी करे, ताकि झारखंड के लाखों छात्र वर्षों तक परीक्षा और नियुक्ति का इंतजार करने के लिए मजबूर न हों।
एसएफआई झारखंड का स्पष्ट कहना है-परीक्षा रद्द करना पहला कदम है। पारदर्शी परीक्षा, समयबद्ध नियुक्ति और दोषियों पर कार्रवाई हमारी अगली लड़ाई है। छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का समझौता एसएफआई बर्दाश्त नहीं करेगा। शिक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित