तिरुमाला , जुलाई 12 -- तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) 18 जुलाई से अक्टूबर के लिए दर्शन टिकट, अर्जित सेवाओं और आवास कोटे की ऑनलाइन बुकिंग शुरू करेगा।
टीटीडी ने रविवार को जारी विज्ञप्ति में बताया कि सुप्रभातम, तोमाला, अर्चना और अष्टदल पाद पद्माराधन सेवा सहित अर्जित सेवाओं का ऑनलाइन कोटा 18 जुलाई को सुबह 10 बजे जारी किया जायेगा।
श्रद्धालु 20 जुलाई सुबह 10 बजे तक इलेक्ट्रॉनिक डिप (ई-डिप) के लिए पंजीकरण करा सकते हैं।
ई-डिप के माध्यम से टिकट आवंटित किये जायेंगे और चयनित श्रद्धालुओं को 20 जुलाई से 22 जुलाई दोपहर 12 बजे से पहले भुगतान पूरा करना होगा।
कल्याणोत्सवम, ऊंजल सेवा, अर्जित ब्रह्मोत्सवम और सहस्र दीपालंकार सेवा का कोटा 21 जुलाई को सुबह 10 बजे ऑनलाइन जारी किया जायेगा।
वर्चुअल सेवाओं और उनसे जुड़े दर्शन स्लॉट का कोटा उसी दिन दोपहर तीन बजे जारी किया जायेगा।
अंगप्रदक्षिण टोकन 23 जुलाई को सुबह 10 बजे जारी किये जायेंगे, जिसके बाद सुबह 11 बजे श्रीवाणी ट्रस्ट दर्शन टिकट मिलेंगे।
वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों का कोटा उसी दिन दोपहर तीन बजे जारी किया जायेगा।
300 रुपये वाले विशेष प्रवेश दर्शन टिकटों का ऑनलाइन कोटा 24 जुलाई को सुबह 10 बजे जारी होगा, जबकि तिरुमला और तिरुपति के लिए आवास कोटा दोपहर तीन बजे उपलब्ध कराया जायेगा।
टीटीडी ने श्रद्धालुओं को अर्जित सेवाओं, दर्शन टिकटों और आवास की बुकिंग केवल अपनी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही करने की सलाह दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित