तिरुपति , मई 29 -- तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) ने श्रीवाणी ट्रस्ट दर्शन टिकटों के आवंटन में बदलावों की घोषणा की है और इसका उद्देश्य भक्तों की सुविधा बढ़ाना और पात्र दानदाताओं के लिए पहुँच को सुव्यवस्थित करना है।
मौजूदा समय में टीटीडी प्रतिदिन 1,500 श्रीवाणी दर्शन टिकट ऑनलाइन जारी करता है। इनमें से, 500 टिकट अग्रिम बुकिंग कोटे के तहत तीन महीने पहले ही ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध करा दिए जाते हैं।
इसके अतिरिक्त, 200 श्रीवाणी दर्शन टिकट तिरुपति हवाई अड्डे पर तत्काल बुकिंग कोटे के तहत जारी किए जाते हैं। संशोधित व्यवस्था के तहत टीटीडी ने तत्काल बुकिंग कोटे के तहत उपलब्ध मौजूदा 800 टिकटों में से प्रतिदिन 300 टिकट उन भक्तों के लिए आरक्षित करने का निर्णय लिया है, जिन्होंने पहले ही श्रीवाणी ट्रस्ट को 10,000 रुपये का दान दिया है और जो दर्शन टिकटों का इंतजार कर रहे हैं।
यह सुविधा उन पात्र दानदाताओं के लिए उपलब्ध होगी, जिन्होंने एक मई, 2025 को या उसके बाद ट्रस्ट में योगदान दिया है। इस विशेष कोटे के टिकट प्रतिदिन सुबह नौ बजे जारी किए जाएंगे। टीटीडी के अनुसार, जो भक्त अपराह्न एक बजे से पहले अपनी टिकट बुकिंग पूरी कर लेंगे, उन्हें उसी दिन शाम चार बजे दर्शन आवंटित किए जाएंगे। नयी प्रणाली 10 जून से प्रभावी होगी और 31 मार्च, 2027 तक लागू रहेगी।
एक विज्ञप्ति में टीटीडी ने कहा है कि किसी भी दिन विशेष दानदाता कोटे के तहत जो टिकट बिना बुक किए रह जाएंगे, उन्हें वापस सामान्य तत्काल बुकिंग कोटे में जोड़ दिया जाएगा, जिससे उपलब्ध दर्शन स्लॉट का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित