प्रयागराज , सितंबर 23 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में टीजीटी-पीजीटी भर्ती परीक्षा की पुरानी नियमावली बहाल करने की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे चार अभ्यर्थियों ने बुधवार को अपना अनशन समाप्त कर दिया। जिलाधिकारी मनीष वर्मा और पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया ने अभ्यर्थियों को जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया।
पांच सितंबर से शिमला पटेल, रोशन सरोज, प्रवीण यादव और मीना सरोज आमरण अनशन पर बैठे थे। अभ्यर्थियों की मांग थी कि टीजीटी-पीजीटी भर्ती परीक्षा पुरानी नियमावली और पुराने पैटर्न के आधार पर कराई जाए। मंगलवार रात करीब दो घंटे तक प्रशासनिक अधिकारियों ने आमरण अनशन पर बैठे अभ्यर्थियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन अभ्यर्थी लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े रहे। बुधवार सुबह जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर दोबारा अनशन स्थल पर पहुंचे और अभ्यर्थियों से बातचीत की। अधिकारियों के आश्वासन के बाद अभ्यर्थियों ने जूस पीकर अनशन समाप्त कर दिया।
अभ्यर्थियों का कहना था कि जब तक उन्हें लिखित आश्वासन नहीं मिलेगा, वे अनशन समाप्त नहीं करेंगे। हालांकि, मांगें पूरी किए जाने के अधिकारियों के आश्वासन के बाद उन्होंने अपना अनशन समाप्त कर दिया। गौरतलब है कि अभ्यर्थियों का 31 अगस्त से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन चल रहा था। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे लगभग 300 अभ्यर्थियों ने शिक्षा निदेशालय का घेराव कर प्रदर्शन किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित