कोलकाता , मई 14 -- पश्चिम बंगाल में पुलिस ने दक्षिण 24 परगना ज़िले में गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के विधायक दिलीप मंडल के दो आवासों में तलाशी अभियान चलाया।

यह कार्रवाई एक कथित वायरल वीडियो के संबंध में की गई है जिसमें विधायक पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं के खिलाफ "भड़काऊ टिप्पणी और धमकी" देने का आरोप है।

पश्चिम बंगाल पुलिस के जवान, केंद्रीय बलों के साथ आज सुबह डायमंड हार्बर पुलिस ज़िले के अंतर्गत पायलान इलाके में विधायक के आवास पर पहुंचे और चल रही जांच के हिस्से के तौर पर तलाशी शुरू की।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि तलाशी बिष्णुपुर के विधायक के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी में लगाए गए विशिष्ट आरोपों के आधार पर की जा रही है। उन्होंने कहा, "प्राथमिकी में लगाए गए विशिष्ट आरोपों के आधार पर जारी जांच केतहत तलाशी की जा रही है। कानून के अनुसार सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।"पुलिस सूत्रों के अनुसार श्री मंडल के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। जांचकर्ता सोशल मीडिया पर चल रहे कथित वीडियो से जुड़े आरोपों की जांच कर रहे हैं, जिनमें विधायक को कथित तौर पर एक जनसभा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ धमकी भरे बयान देते हुए देखा गया था।

इन वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है। पुलिस ने बताया कि जब अधिकारी तलाशी अभियान के लिए पहुंचे, तब श्री मंडल अपने पायलान स्थित "विशाल" आवास पर मौजूद नहीं थे, हालांकि उन्हें सुबह के समय इलाके में देखा गया था। पुलिस ने तलाशी के दौरान विधायक के कथित तौर पर दो मोबाइल फोन उनके एक घर से बरामद किए। अधिकारियों ने बताया कि जांच के हिस्से के तौर पर इन उपकरणों को ज़ब्त कर लिया गया है। तलाशी अभियान देर दोपहर तक जारी रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित