अगरतला , नवंबर 07 -- त्रिपुरा राज्य विद्युत निगम लिमिटेड (टीएसईसीएल) को बिजली वितरण क्षेत्र में उसके योगदान के लिए केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए) की ओर से 'अवॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस 2026' मिला है।

सीईए की ओर से शुक्रवार को नयी दिल्ली में आयोजित एक राष्ट्रीय कार्यशाला के दौरान त्रिपुरा, असम और सिक्किम को इस सम्मान से नवाज़ा गया।

राज्य के बिजली मंत्री रतन लाल नाथ ने कहा कि यह उपलब्धि बिजली के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने और भरोसेमंद सेवा सुनिश्चित करने के प्रयासों को दर्शाती है। त्रिपुरा में, प्राकृतिक बाधाओं को छोड़कर, ग्रामीण इलाकों में औसतन 23 घंटे सात मिनट और शहरी इलाकों में 23 घंटे 45 मिनट तक बिजली की आपूर्ति की जाती है। इस साल दुर्गा पूजा के दौरान राज्य में लगभग निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए भी इसकी सराहना की गयी है।

श्री नाथ ने आगे कहा कि यह पुरस्कार बिजली वितरण को बेहतर बनाने में सटीक डेटा और तकनीकी प्रगति के महत्व को रेखांकित करता है। साथ ही, यह त्रिपुरा में बिजली सेवाओं को बेहतर बनाने के प्रति समर्पण, व्यावसायिकता और प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित