पटना, मार्च 20 -- बिहार के स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री तथा पश्चिम बंगाल भाजपा प्रभारी मंगल पांडेय ने शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के जारी घोषणापत्र पर तंज कसा और कहा कि यह जनता के साथ किया गया झूठे वादों का पुलिंदा है।

श्री पाण्डेय ने घोषणापत्र में जारी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के वादों को खारिज करते हुए बंगाल के लोगों से अपील की कि वह एकजुट हों और बंगाल को बचाने के लिए टीएमसी के खिलाफ मतदान करें। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता राजनीतिक रुप से काफी समृद्ध तथा विवेकशील हैं और बंगाल को बचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास के संकल्प के साथ खड़े होंगे। उन्होंने कहा कि ममता सरकार ने बंगाल तथा उसके सीमावर्ती इलाकों में माफिया एवं गुंडाराज स्थापित किया है और यहां अशांति एवं हिंसा वाली राजनीति को हवा दी है। उन्होंने कहा कि ममता राज में हिंदु महिलाओं पर अनगिनत अत्याचार हुए हैं।

भाजपा के बंगाल प्रभारी ने कहा कि सुश्री बनर्जी अपने चुनावी घोषणापत्र में महिला सुरक्षा एवं सीमावर्ती इलाकों में बंगलादेसी घुसपैठ जैसे संवेदनशील मुद्दे पर एक शब्द भी नहीं बोलीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित