कृष्णानगर , जुलाई 16 -- पश्चिम बंगाल के कांचरापाड़ा ग्राम पंचायत प्रधान पंकज सिंह पर जेएनएम अस्पताल में उपचार कराने के बाद पुलिस द्वारा जबरन वसूली मामले में गिरफ्तार होने से पहले भीड़ ने हमला कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, एक समूह ने पंकज सिंह पर गलत करने का आरोप लगाते हुये उन्हें उनके फ़्लैट से जबरदस्ती खींचकर नादिया स्थित कल्याणी झील पार्क के पास ले गये और उन पर हमला किया। इस हमले में सिंह गंभीर रूप से घायल हो गये। हमले से इलाके में तनाव फैल गया, जिसके बाद कल्याणी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल पंचायत प्रमुख को बचाया।
पुलिस ने बताया कि पंकज सिंह को शीघ्र ही कल्याणी जेएनएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया। पुलिस ने अस्पताल से छुट्टी मिलने के तुरंत बाद ही उन्हें जबरन वसूली के एक मामले में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सुत्रों के अनुसार, पंकज सिंह जबरन वसूली की शिकायत दर्ज होने के बाद फरार हो गये थे और जांचकर्ता उनकी तलाश कर रहे थे। पुलिस ने लंबित मामले के आधार पर कार्रवाई करते हुये चिकित्सकीय मंजूरी मिलने के बाद उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।
इस घटना में, स्थानीय सत्ताधारी पार्टी के पंचायत प्रमुख पहले तो जनता के गुस्से का शिकार हुये और फिर पुलिस हिरासत में चले गये। इससे कल्याणी विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक हलचल मच गयी है। पुलिस ने बताया कि जबरन वसूली के आरोपों की आगे की जांच जारी है। इस घटना के संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित