पटना , फरवरी 17 -- बिहार के विधि एवं स्वास्थ्य मंत्री तथा पश्चिम बंगाल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रभारी मंगल पाण्डेय ने मंगलवार को कहा है कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के तथ्यहीन एवं अनर्गल बयानों से बंगाल की जनता भ्रमित नहीं होने वाली है।

श्री पाण्डेय ने आज बयान जारी कर कहा कि टीएमसी के सांसद अभिषेक बनर्जी का बयान न केवल तथ्यहीन है, बल्कि जनता को भ्रमित करने का प्रयास भी है। उन्होंने कहा कि श्री बनर्जी का बयान कि अंत्येष्टि सामग्रियों पर केंद्र सरकार जीएसटी वसूल रही है, पूरी तरह से भ्रामक और बेबुनियाद है। हकीकत है कि अंत्येष्टि सामग्रियों पर कोई टैक्स नहीं लिया जाता है। उन्होंने कहा कि दरअसल टीएमसी सरकार जो भ्रष्टाचार और सिंडिकेट संस्कृति के बल पर अब तक अपनी शासन चला रही है, अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए तथ्यहीन बयानबाजी कर रही है।

भाजपा नेता ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का मुद्दा हो या बंगाल के विकासहीनता, अराजकता या हिंसात्मक राजनीति , टीएमसी अब पूरी तरह से बेनकाब हो चुकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित