कोलकाता , अप्रैल 14 -- पश्चिम बंगाल में मंगलवार सुबह भांगर में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के उम्मीदवार शौकत मोल्ला का भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार जयंत गायेन के घर जाने को अन्य विपक्षी दलों ने दोनों प्रतिद्वंद्वियों के बीच एक 'गुपचुप समझौता' बताया है।
श्री मोल्ला दिन की शुरुआत में ही श्री गायेन के घर पहुंचे और उनके साथ काफी देर तक बंद कमरे में बातचीत की।
इस दौरे पर लोगों का ध्यान तब और अधिक गया, जब श्री गायेन की मां टीएमसी उम्मीदवार को आशीर्वाद देती नजर आईं। इस पल को कैमरे में कैद कर लिया गया और यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब पश्चिम बंगाल का राजनीतिक माहौल काफी बंटा हुआ है और टीएमसी तथा भाजपा के नेता एक-दूसरे पर तीखे हमले कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लगातार मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को निशाना बना रहे हैं, जबकि ये दोनों भी उन पर जोरदार पलटवार कर रहे हैं।
इस माहौल में भांगर की इस घटना ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और भारतीय धर्मनिरपेक्ष मोर्चा (आईएसएफ) जैसे विपक्षी दलों को टीएमसी और भाजपा पर हमला करने का एक और मौका दे दिया है। इन दोनों दलों ने आरोप लगाया है कि टीएमसी और भाजपा जमीनी स्तर पर एक गुपचुप समझौता बनाए हुए हैं।
माकपा और आईएसएफ के नेताओं ने दावा किया कि श्री मोल्ला और श्री गायेन के बीच लंबे समय से निजी संबंध हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित