बैतूल , सितंबर 21 -- मध्य प्रदेश के बैतूल में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता के विरोध में आजाद अध्यापक शिक्षक संघ के आह्वान पर आज यहां शिक्षकों ने सामूहिक उपवास किया और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
संघ की प्रमुख मांग सेवारत अध्यापक-शिक्षक संवर्ग को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त करने की है। शिक्षकों ने कहा कि लंबे समय से सेवाएं दे रहे अध्यापकों पर टीईटी की अनिवार्यता लागू किए जाने से उनमें असंतोष है।
ज्ञापन में दोहरी उपस्थिति व्यवस्था समाप्त करने, पुरानी पेंशन योजना पुन: लागू करने तथा नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता निर्धारित करने की मांग की गई है। शिक्षकों ने वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति और समयमान वेतनमान का लाभ देने की मांग भी रखी है।
इसके अलावा लंबित वेतन एरियर, पेंशन और ग्रेच्युटी का भुगतान करने तथा शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करने की मांग की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित