मुंबई , अगस्त 05 -- लेखक-निर्देशक कार्तिक सुब्बाराज की बहुप्रतीक्षित तमिल फिल्म 'डोरोथी' का टाइटल अनाउंसमेंट जारी कर दिया गया है। जियो स्टूडियोज़ और सिख्या एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस फिल्म का विश्व प्रीमियर 2026 के टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (टीआईएफएफ) के प्रतिष्ठित सेंटरपीस सेक्शन में होगा। इसके बाद फिल्म 25 सितंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
कार्तिक सुब्बाराज के निर्देशन में बनी 'डोरोथी' उनकी 10वीं फीचर फिल्म है। फिल्म का संगीत दिग्गज संगीतकार इलैयाराजा ने तैयार किया है, जो उनके करियर की 1540वीं फिल्म है। फिल्म में सनंथ, ऋषिकांत और कीर्ति सुरेश प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसका निर्माण ज्योति देशपांडे, गुनीत मोंगा कपूर और अचिन जैन ने धम्मम फिल्म्स के सहयोग से किया है।
फेस्टिवल प्रीमियर से पहले जारी टाइटल पोस्टर भारतीय हाईवे ट्रक आर्ट से प्रेरित है, जो फिल्म की भावनात्मक यात्रा और उसकी सांस्कृतिक पृष्ठभूमि की झलक प्रस्तुत करता है।
कार्तिक सुब्बाराज ने कहा कि 'डोरोथी' ऐसी कहानी है, जिसे वह लंबे समय से दर्शकों तक पहुंचाना चाहते थे। उनके अनुसार फिल्म दोस्ती, प्रेम, पहचान, जाति, मर्दानगी और करुणा जैसे विषयों को मानवीय दृष्टिकोण से प्रस्तुत करती है। उन्होंने कहा कि फिल्म तमिलनाडु की संस्कृति से गहराई से जुड़ी है, लेकिन इसकी भावनाएं पूरी दुनिया के दर्शकों से जुड़ने की क्षमता रखती हैं।
जियो स्टूडियोज़ की अध्यक्ष ज्योति देशपांडे ने कहा कि अपनी मिट्टी से जुड़ी कहानियां ही वैश्विक स्तर पर सबसे अधिक प्रभाव छोड़ती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्तिक सुब्बाराज की यह फिल्म अपनी संवेदनशील कहानी, इलैयाराजा के संगीत और कलाकारों के दमदार अभिनय के दम पर अंतरराष्ट्रीय दर्शकों का दिल जीतेगी।
सिख्या एंटरटेनमेंट के निर्माता गुनीत मोंगा कपूर और अचिन जैन ने कहा कि 'डोरोथी' इंसानियत, संवेदनशीलता और उम्मीद का संदेश देने वाली फिल्म है तथा टीआईएफएफ में इसका विश्व प्रीमियर इसकी वैश्विक यात्रा की महत्वपूर्ण शुरुआत होगी।
'डोरोथी' 25 सितंबर, 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित