नयी टिहरी , मार्च 06 -- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में शुक्रवार से आयोजित टिहरी लेक फेस्टिवल 'हिमालयन-O₂ 2026' में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया और टिहरी झील क्षेत्र में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों का अवलोकन किया तथा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी लेक लगातार देश-विदेश के पर्यटकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण बनती जा रही है। प्राकृतिक सौंदर्य, एडवेंचर गतिविधियों और सांस्कृतिक आयोजनों के कारण यहां पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार टिहरी झील क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

इस दौरान श्री धामी ने टिहरी लेक फेस्टिवल 'हिमालयन-O₂ 2026' के तहत आयोजित विभिन्न साहसिक खेलों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से राज्य में पर्यटन को नई पहचान मिलती है और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं।

इस उत्सव में बड़ी संख्या में देश-विदेश से आए पर्यटक और प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। चार दिवसीय इस महोत्सव में बोटिंग, कयाकिंग, पैराग्लाइडिंग, माउंटेन बाइकिंग सहित कई एडवेंचर गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, जिससे टिहरी क्षेत्र में पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित