टिहरी , अगस्त, 10 -- उत्तराखंड के टिहरी कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से कुल 50 शिकायतें एवं मांग पत्र प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के लिए भेजा गया।

जनता मिलन में सड़क निर्माण एवं सड़क कटान से हुए भूमि दबान का मुआवजा, पेंशन, विद्युत पोल, पेयजल, पुनर्वास मुआवजा, आधार कार्ड, सीएससी सेंटर, आवास और सोलर लाइट समेत विभिन्न समस्याएं सामने आईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का यथासंभव स्थानीय स्तर पर कैंप लगाकर निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।

जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी साप्ताहिक समीक्षा की। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय, कृषि, राजस्व, वन और पूर्ति विभाग से संबंधित लंबे समय से लंबित मामलों पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई कर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनता मिलन में ग्राम साबली मल्ली, रानीचौरी निवासी बिजलदास ने भवन के समीप खड़े दो बड़े चीड़ के पेड़ों से आंधी-तूफान के दौरान जान-माल एवं भवन को खतरे की आशंका जताते हुए पेड़ों के पातन की मांग की। जिलाधिकारी ने एसडीएम को मौके का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

वहीं, ग्राम बटखेम की प्रधान मंजू देवी ने बताया कि गांव के लिए मोटर मार्ग की स्वीकृति पूर्व में हो चुकी है, लेकिन पीएमजीएसवाई की ओर से अभी तक कार्रवाई नहीं की गई है। डीएम ने पीएमजीएसवाई चंबा के अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर वन भूमि हस्तांतरण की कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।

ग्राम सारपूल, घनसाली निवासी मंजू देवी ने विधवा पेंशन की मांग रखी, जिस पर डीएम ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को नियमानुसार पेंशन स्वीकृति की कार्रवाई करने को कहा। वहीं दिखोलगांव की सुषमा देवी, भेंतला प्रतापनगर के खुशाल सिंह और वेरनी छोटी के विशालमणि ने सड़क कटान के बाद भूमि दबान, फसल, फलदार पेड़ों और गूलों को हुए नुकसान के प्रतिकर का मामला उठाया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माणदायी संस्थाओं को कैंप लगाकर लंबित प्रतिकर मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।

देवप्रयाग विकासखंड के गुड्डा सिंह कठैत ने बीपीएल राशन कार्ड में अनियमितता, जंगली जानवरों के आतंक, बाहरी राज्यों से आए लोगों के पुलिस सत्यापन, स्यूटा-दासोली क्षेत्र के राजकीय अस्पताल में सुविधाएं बढ़ाने तथा खराब हैंडपंपों की समस्या उठाई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक परीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही जल संस्थान को जिले में कुल हैंडपंपों, सक्रिय एवं खराब हैंडपंपों तथा मरम्मत योग्य हैंडपंपों की सूची उपलब्ध कराने को कहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित