टिहरी , अक्टूबर 24 -- उत्तराखंड के टिहरी जनपद में परिषदीय परीक्षा 2027 के सुरक्षित एवं सुचारु आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनपद में आगामी परीक्षा के लिए कुल 136 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने शनिवार को निर्देश दिए हैं कि आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त अथवा जीर्ण-शीर्ण विद्यालयों को किसी भी स्थिति में परीक्षा केंद्र न बनाया जाए। परीक्षार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ऐसे विद्यालयों को चिह्नित कर उनकी स्थिति का आकलन करने और आवश्यक मरम्मत कार्य सुनिश्चित करने को कहा गया है।
कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण, विद्यालयों की स्थिति और परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों के अनुसार, निर्धारित 136 केंद्रों में 135 मिश्रित परीक्षा केंद्र और एक एकल परीक्षा केंद्र शामिल है।
जनपद के कुल 346 विद्यालयों में से 331 विद्यालय परिषदीय परीक्षा में सम्मिलित होंगे। इनमें 123 हाईस्कूल और 208 इंटरमीडिएट स्तर के विद्यालय हैं। इस वर्ष कुल 13,633 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जबकि वर्ष 2026 में यह संख्या 14,176 थी। इस प्रकार पिछले वर्ष की तुलना में परीक्षार्थियों की संख्या में 543 की कमी दर्ज की गई है।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के चयन में विद्यालय भवनों की सुरक्षा, उपलब्ध सुविधाओं और आधारभूत व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। आपदा से क्षतिग्रस्त भवनों तथा जर्जर विद्यालयों की स्थिति का आकलन कर आवश्यक सुधार कार्य कराए जाएं, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका न रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित