टिहरी , मई 13 -- उत्तराखंड के टिहरी गढवाल जिले के जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने अपनी लंबित मांगों के समाधान को लेकर बुधवार को जाखणीधार में जोरदार प्रदर्शन किया। संघ के पदाधिकारियों और शिक्षकों ने उप जिलाधिकारी जाखणीधार के माध्यम से प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री उत्तराखंड एवं शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजकर 13 सूत्रीय मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग उठाई।
शिक्षक संघ ने कहा कि जूनियर हाईस्कूल शिक्षकों की विभिन्न समस्याएं लंबे समय से लंबित पड़ी हैं लेकिन सरकार स्तर पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इससे शिक्षकों में भारी असंतोष व्याप्त है। ज्ञापन में वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी परीक्षा से छूट देने, त्रिस्तरीय कैडर व्यवस्था लागू करने तथा 4600 ग्रेड वेतन प्राप्त शिक्षकों को 17140 वेतनमान का वास्तविक लाभ देने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
संघ ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग को भी प्रमुखता से रखा। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जूनियर हाईस्कूलों में अंग्रेजी विषय के शिक्षक का पांचवां पद सृजित करने, शिक्षकों को सेवाकाल में तीन पदोन्नतियां सुनिश्चित करने तथा अंतरजनपदीय स्थानांतरण की सुविधा देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
शिक्षकों ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों की तर्ज पर निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, विद्यालय एवं जनपद स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं के लिए पर्याप्त बजट जारी करने तथा सीपीएड प्रशिक्षित शिक्षकों को एलटी व्यायाम पदों पर समायोजित करने की मांग भी उठाई। वहीं वर्षों से पदोन्नति से वंचित शिक्षकों को बोनस अथवा राजपत्रित अधिकारी का दर्जा देने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
संघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो प्रदेशभर में व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक एवं संगठन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित