टिहरी , मार्च 25 -- उत्तराखंड में टिहरी के नयी टिहरी मुख्य बाजार में बुधवार को नवनिर्मित श्री देव सुमन पार्क का उद्घाटन किया गया।
पार्क का लोकार्पण टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, स्वतंत्रता सेनानी श्री देव सुमन के परिवारजन अनिल बडोनी, मस्तराम बडोनी और जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने संयुक्त रूप से मंत्रोच्चारण कर किया। इस अवसर पर पार्क में स्थापित श्री देव सुमन की मूर्ति का अनावरण भी किया गया।
इस अवसर पर विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार पार्क का सौंदर्यीकरण कराया गया है। उन्होंने आम नागरिकों और व्यापार मंडल से पार्क की सुंदरता और भव्यता बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमें श्री देव सुमन, इंद्रमणि बडोनी और अन्य महापुरुषों के आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए और उनके आदर में योगदान देना चाहिए। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने पार्क का निरीक्षण कर प्रतिमा की सुरक्षा के लिए उचित प्रबंध करने का निर्देश दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित