देहरादून , अप्रैल 24 -- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में हुई वाहन दुर्घटना में यात्रियों की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। श्री मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की है।
राज्य सरकार द्वारा भी उत्तराखंड सड़क परिवहन दुर्घटना राहत नियमावली के तहत मृतक आश्रितों को दो-दो लाख रुपये सहायता राशि प्रदान की जाएगी ।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से भी मृतक आश्रितों को तीन-तीन लाख रुपये और गंभीर घायलों को 50-50 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस दुखद घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों का समुचित एवं त्वरित उपचार कराया जाए। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों से लगातार संपर्क बनाए रखने और उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार अपराह्न लगभग 2:15 बजे राज्य के टिहरी गढ़वाल जिले में एक बुलेरो कैम्पर वाहन जो दाह संस्कार के लिए शव लेकर हरिद्वार गये थे वापस आते समय चम्बा कोटी मार्ग में नैल गांव, महादेव होटल के समीप अनियंत्रित होकर खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। वाहन में कुल 10 लोग सवार थे। जिसमें से आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो को घायल अवस्था में रेस्क्यू कर लिया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित