टिहरी , मई 15 -- उत्तराखंड में टिहरी जिले के जौनपुर ब्लॉक अंतर्गत थत्यूड़ क्षेत्र में शुक्रवार को मूसलाधार बारिश होने से जनजीवन प्रभावित हो गया। थान भवान के पास बिलौन्दी पुल क्षेत्र में अचानक तेज बारिश के चलते बादल फटने जैसे हालात बन गए। भारी जलप्रवाह के साथ बाजार क्षेत्र में पानी और मलबा घुसने से अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार आज अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे क्षेत्र में अचानक तेज बारिश शुरू हुई। कुछ ही देर में ऊपरी सड़कों से तेज बहाव के साथ पानी नीचे बाजार क्षेत्र में पहुंच गया। सड़क के नीचे स्थित कई दुकानों की छतों और दीवारों से पानी अंदर घुस गया, जिससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया। दुकानदार आनन-फानन में सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुट गए।
बारिश के साथ भारी मात्रा में मलबा भी बाजार तक पहुंच गया। दुकानों के आगे मलबे के ढेर जमा होने से आवाजाही प्रभावित हो गई और लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ ही मिनटों की बारिश ने पूरे इलाके की स्थिति बिगाड़ दी।
हालांकि घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन दुकानों में रखे सामान को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना प्रशासन और संबंधित विभागों को दे दी गई है।
क्षेत्र में लगातार मौसम खराब बना हुआ है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने तथा नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित