नैनीताल , सितंबर 28 -- उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने टिहरी में अपनी मां, बड़े भाई और गर्भवती भाभी की तलवार से हत्या करने के दोषी संजय सिंह को निचली अदालत से मिली फांसी की सजा के मामले में सोमवार को सुनवाई पूरी कर ली है।
न्यायमूर्ति रविंद्र मैठाणी और न्यायमूर्ति सिद्धार्थ साह की खंडपीठ ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश के डॉक्टरों की रिपोर्ट पेश की गई। रिपोर्ट में कहा गया कि आरोपी की मानसिक स्थिति का विशेषज्ञ डॉक्टरों से परीक्षण कराया गया था। उपचार के बाद उसकी मानसिक स्थिति में काफी सुधार हुआ है और वह बिना किसी सहायता के संवाद करने में सक्षम है।
आरोपी की ओर से कहा गया कि घटना के समय उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। फांसी की सजा सुनाने से पहले निचली अदालत ने उसकी मानसिक स्थिति की जांच नहीं कराई।
उच्च न्यायालय ने सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता अरविंद वशिष्ठ को न्याय मित्र अधिवक्ता नियुक्त किया था। न्याय मित्र ने भी अदालत को बताया कि मेडिकल बोर्ड ने आरोपी को मानसिक रूप से बीमार बताया था और कहा था कि वह अपने कृत्य के परिणाम समझने की स्थिति में नहीं था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित