टिहरी , अक्टूबर, 16 -- त्तराखंड के टिहरी जनपद में पीएम श्री विद्यालयों की शैक्षिक व्यवस्थाओं और उपलब्ध संसाधनों का स्थलीय सत्यापन किया जा रहा है। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने शुक्रवार को तीन विद्यालयों का निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं, स्वच्छता और आधुनिक तकनीकी संसाधनों के उपयोग का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालयों में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और उपलब्ध संसाधनों का विद्यार्थियों के शैक्षिक विकास में अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भारत सरकार के समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत जनपद टिहरी गढ़वाल में वर्तमान में 19 विद्यालय पीएम श्री योजना के तहत चयनित हैं। इन विद्यालयों में निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाओं की जांच के लिए अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने पीएम श्री राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय ढुंगीधार में शैक्षिक सुविधाओं और विद्यार्थियों को दी जा रही शिक्षा का जायजा लिया। विद्यालय में 114 बच्चे अध्ययनरत हैं। यहां स्मार्ट टीवी, डिजिटल बोर्ड, छह कंप्यूटर, लैपटॉप और पुस्तकालय कॉर्नर जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। पढ़ाई के साथ योग, खेल, संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। विद्यालय में शुद्ध पेयजल, अलग-अलग शौचालय, सीसीटीवी कैमरे और अग्निशमन उपकरण जैसी व्यवस्थाएं भी पाई गईं। उन्होंने मध्याह्न भोजन का निरीक्षण कर उसमें इस्तेमाल की जा रही खाद्य सामग्री की जानकारी ली।
इसके बाद अपर जिलाधिकारी ने पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज जाखणीधार का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में स्वच्छता बनाए रखने और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रयोगशालाओं का नियमित संचालन सुनिश्चित करने तथा अटल टिंकरिंग लैब, रोबोटिक्स और अन्य आधुनिक तकनीकी सुविधाओं का विद्यार्थियों के ज्ञान एवं कौशल विकास के लिए अधिकतम उपयोग करने पर जोर दिया।
अपर जिलाधिकारी ने राजकीय इंटर कॉलेज पौड़ीखाल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार लाने, प्रयोगशालाओं का उचित संचालन सुनिश्चित करने और निर्धारित समय-सारणी के अनुसार विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार जाखणीधार प्राची बहुगुणा, जिला एमआईएस प्रभारी समग्र शिक्षा सुरेंद्र सिंह नेगी, मध्याह्न भोजन प्रभारी वीरेंद्र सिंह राणा सहित संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित