टिहरी , अगस्त 29 -- उत्तराखंड के टिहरी गढवाल जिले में त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ विशेष जांच अभियान तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश तथा जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशन में खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, पूर्ति विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमों ने शनिवार को धनोल्टी, बुरांश खंडा, रौंसलीखाल और कानाताल क्षेत्र में होटल, रिसोर्ट एवं रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी शारदा शर्मा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, पैकेजिंग, एक्सपायरी डेट और भंडारण व्यवस्था की जांच की गई। टीम ने खाद्य तेल के दो, मिठाई का एक, अनाज उत्पाद के नौ और अन्य खाद्य पदार्थ का एक, कुल 13 नमूने जांच के लिए संग्रहित कर अधिकृत प्रयोगशाला भेजे। निरीक्षण के दौरान एक दुकान में एक्सपायरी डेट के तीन पैकेट पापड़ पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन नहीं करने पर दो प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस भी जारी किए गए।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रमोद रावत ने बताया कि त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के प्रमुख बाजारों में लगातार औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। उन्होंने व्यापारियों से खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, पैकेजिंग और एक्सपायरी डेट का विशेष ध्यान रखने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान में पूर्ति निरीक्षक प्रदीप पंत, राजस्व उप निरीक्षक अंबुज चतुर्वेदी और कांस्टेबल कुलदीप कुमार शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित