टिहरी , मई 28 -- उत्तराखंड के टिहरी गढवाल जिले के महादेव चट्टी क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), उत्तराखंड पुलिस की टीम ने अंधेरे और दुर्गम परिस्थितियों के बीच सफल बचाव अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी को पुलिस चौकी बचेलीखाल, थाना देवप्रयाग से सूचना मिली कि महादेव चट्टी से आगे डंपिंग जोन के पास एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक सावर सिंह नेगी के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।

घटनास्थल पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि ट्रक राष्ट्रीय राजमार्ग से लगभग 120 से 125 मीटर नीचे गहरी खाई में गिरा हुआ था। दुर्घटना के समय वाहन में केवल चालक मौजूद था, जो गंभीर रूप से घायल अवस्था में खाई में फंसा हुआ मिला।

जोखिमपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद एसडीआरएफ जवानों ने रोप रेस्क्यू तकनीक का उपयोग करते हुए घायल तक पहुंच बनाई। प्राथमिक उपचार देने के बाद घायल चालक को स्ट्रेचर और रस्सियों की सहायता से सुरक्षित मुख्य मार्ग तक पहुंचाया गया।

इसके बाद घायल को जिला पुलिस के सुपुर्द कर एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। घायल चालक की पहचान अजय छेत्री पुत्र राम सिंह निवासी छिद्रवाला, देहरादून के रूप में हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित