नैनीताल , अक्टूबर 01 -- उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने टिहरी में तपोवन स्थित साईं तथा अन्य गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा के संबंध में जिलाधिकारी (डीएम) टिहरी को निर्देश दिए कि वह मामले का परीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर उचित कदम उठायें।
न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी और न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की खंडपीठ ने इसी के साथ ही हरिद्वार निवासी राज त्रेहान की ओर से दायर जनहित याचिका को निस्तारित कर दिया।
याचिकाकर्ता की ओर से दायर जनहित याचिका में कहा गया कि तपोवन में साईं घाट, हनुमान घाट, नीम घाट, गौ घाट, पूर्णानंद घाट और स्वामी नारायण घाट समेत कई स्नान घाट हैं। यहां साल भर श्रद्धालु और पर्यटक बच्चों एवं बुजुर्गों के साथ स्नान करते हैं। उन्हें गंगा की गहराई के संबंध में कोई जानकारी नहीं होती, जिससे गंभीर हादसे होते हैं।
याचिकाकर्ता की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराने के लिए राज्य सरकार को निर्देश देने की मांग की गई।
याचिकाकर्ता की ओर से कहा गया कि उन्होंने 24 जून 2025 को सीपीग्राम्स पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर सुरक्षा उपाय करने की मांग की थी। याचिकाकर्ता का आरोप है कि आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इसलिए उन्हें उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से कहा गया कि तपोवन में जल पुलिस, राज्य आपदा प्रबंधन बल (एसडीआरएफ) और 4 पीएसी की ई वाहिनी हर समय मौजूद रहती है। लाउडस्पीकर के माध्यम से समय-समय पर पर्यटकों और श्रद्धालुओं को सूचित किया जाता है और कोई अनहोनी होने पर त्वरित कार्रवाई की जाती है।
अंत में अदालत ने याचिकाकर्ता को जिलाधिकारी को सुझावों के साथ प्रत्यावेदन सौंपने और उनको उस पर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित