टिहरी , अक्टूबर, 31 -- उत्तराखंड में टिहरी जिले में राजस्व प्राप्ति बढ़ाने और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने अधिकारियों को वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय राजस्व संवर्द्धन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों की राजस्व प्राप्ति की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 में सितंबर माह तक हुई राजस्व प्राप्ति की तुलनात्मक समीक्षा की गई। इसमें भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग का प्रदर्शन प्रमुख रूप से सामने आया। विभाग ने सितंबर 2025 तक 16.37 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया था, जबकि सितंबर 2026 तक यह आंकड़ा बढ़कर 34.62 करोड़ रुपये पहुंच गया। विभागीय आंकड़ों के अनुसार राजस्व प्राप्ति में 211.48 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। विभाग का वार्षिक लक्ष्य 70 करोड़ रुपये निर्धारित है।

परिवहन विभाग ने सितंबर 2026 तक 636.10 लाख रुपये का राजस्व अर्जित किया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 617.75 लाख रुपये था। विद्युत विभाग की राजस्व प्राप्ति भी 7906.42 लाख रुपये से बढ़कर 8545.79 लाख रुपये पहुंच गई। वहीं, चारों उप निबंधक कार्यालयों ने चालू वित्तीय वर्ष में सितंबर तक 29.70 करोड़ रुपये की आय अर्जित की है, जो 55 करोड़ रुपये के वार्षिक लक्ष्य का लगभग 54 प्रतिशत है।

आबकारी विभाग की राजस्व प्राप्ति 7585.60 लाख रुपये से बढ़कर 7938.90 लाख रुपये हो गई। राजस्व विभाग ने भी 155.53 लाख रुपये के मुकाबले 1097.33 लाख रुपये की प्राप्ति दर्ज की। वन विभाग की आय 235.16 लाख रुपये से बढ़कर 776.32 लाख रुपये पहुंची। राज्य कर विभाग ने सितंबर 2026 तक 2497 लाख रुपये का राजस्व अर्जित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित