टिहरी , अक्टूबर, 16 -- त्तराखंड में पर्वतीय क्षेत्रों में कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए महिला किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, सरकारी योजनाओं और आजीविका संवर्धन के अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष-2026 के उपलक्ष्य में रानीचौरी स्थित वानिकी महाविद्यालय परिसर में किसान मेले का आयोजन किया गया। मेले में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचीं महिला किसानों को उन्नत खेती, फसल प्रबंधन, पशुपालन और कृषि संबंधी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कृषि विभाग की ओर से वीर चंद्र सिंह गढ़वाली औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के वानिकी महाविद्यालय, रानीचौरी में आयोजित इस मेले में कृषि विज्ञान केंद्र और विभिन्न संबंधित विभागों ने सहयोग किया। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने मेले में प्रतिभाग करते हुए विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और पात्र महिला किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में महिलाएं कृषि और इससे जुड़ी गतिविधियों की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। उन्हें आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण, योजनाओं की जानकारी और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनकी आय बढ़ाने के साथ आत्मनिर्भरता को भी मजबूत किया जा सकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता चंबा की ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण ने की। उन्होंने घरेलू जिम्मेदारियों के साथ कृषि क्षेत्र में महिलाओं के योगदान की सराहना की। विश्वविद्यालय के कुलपति ने भी महिला किसानों को सशक्त बनाने और पर्वतीय क्षेत्रों में उन्नत कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने पर बल दिया।
मेले में कृषि वैज्ञानिक डॉ. अरुणिमा पालीवाल ने गेहूं, मसूर और मटर सहित रबी की फसलों की वैज्ञानिक खेती एवं फसल प्रबंधन की जानकारी दी। वैज्ञानिक डॉ. सचिन कुमार ने कीट एवं रोग नियंत्रण तथा प्राकृतिक खेती के बारे में बताया। इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज दानू ने मृदा परीक्षण और नैनो उर्वरकों के महत्व से किसानों को अवगत कराया।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. डीके शर्मा ने पशुपालन विभाग की योजनाओं और पशुओं में होने वाले रोगों की रोकथाम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुंहपका-खुरपका रोग से बचाव के लिए विभाग की ओर से निःशुल्क टीकाकरण किया जाता है। मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी ने फार्मर रजिस्ट्री, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड और जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए घेरबाड़ सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित