टिहरी , जून, 28 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मूल्यागांव के समीप रविवार को सड़क हादसे में डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चढ़ाई पर अचानक पीछे की ओर खिसके ट्रक की चपेट में आने से बच्ची की मौके पर ही मौत हो गयी। हादसे के बाद गेहूं से लदा ट्रक सड़क पर पलट गया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात घंटों प्रभावित रहा।
बताया जा रहा है कि पानीपत से श्रीनगर के लिए गेहूं लेकर जा रहा एक ट्रक मूल्यागांव के पास चढ़ाई चढ़ रहा था। इसी दौरान ट्रक में तकनीकी खराबी आने से वह पीछे की ओर लुढ़कने लगा। ट्रक को अपनी ओर आता देख उसके पीछे चल रहे दूसरे ट्रक चालक ने भी वाहन पीछे करना शुरू कर दिया।
इसी बीच पीछे से बाइक पर अंकित अपनी पत्नी और डेढ़ वर्षीय पुत्री नौनी के साथ आ रहे थे। अचानक सामने बने इस संकट से बचने का उन्हें मौका नहीं मिला और उनकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गयी। हादसे में मासूम नौनी ट्रक के अगले पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। इस हृदयविदारक घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित