टिहरी , जुलाई 14 -- उत्तराखंड में मुख्यमंत्री उदयीमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत टिहरी गढ़वाल में वर्ष 2026-27 के लिए 300 उदीयमान खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया शुरू की गई है। चयनित खिलाड़ियों को खेल प्रतिभा के विकास के लिए प्रतिमाह 1,500 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने मंगलवार को अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरी चयन प्रक्रिया समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराई जाये।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि योजना का उद्देश्य कम आयु में खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और प्रोत्साहन उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को रोस्टर के अनुसार कार्य करने, चयन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत ने बताया कि योजना के अंतर्गत आठ से 14 वर्ष आयु वर्ग के 150 बालक एवं 150 बालिकाओं सहित कुल 300 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। प्रत्येक चयनित खिलाड़ी को 1,500 रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति दी जाएगी। योजना वर्ष 2022-23 से संचालित है और इसका उद्देश्य प्रदेश के उदीयमान खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा को निखारना तथा उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि आठ से नौ, नौ से 10, 10 से 11, 11 से 12, 12 से 13 और 13 से 14 वर्ष आयु वर्ग में प्रत्येक वर्ग से 25-25 बालक एवं 25-25 बालिकाओं का चयन होगा। चयन स्वास्थ्य परीक्षण और विभिन्न शारीरिक दक्षता परीक्षणों के आधार पर किया जाएगा, जिनमें 30 मीटर फ्लाइंग रन, स्टैंडिंग ब्रॉड जंप, फॉरवर्ड बेंड एंड रीच, 6x10 शटल रन, मेडिसिन बॉल पुट तथा 600 मीटर दौड़ शामिल हैं।

योजना के तहत विद्यालय स्तर पर ट्रायल 13 जुलाई, न्याय पंचायत एवं नगर निकाय स्तर पर 14 से 20 जुलाई, विकासखंड स्तर पर 22 से 26 जुलाई तथा जनपद स्तरीय ट्रायल 28 से 30 जुलाई तक आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थी योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं पंजीकरण खेलायूकेडॉटइन पोर्टल पर प्राप्त कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित