टिहरी , मई, 13 -- उत्तराखंड में टिहरी जनपद में अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन को लेकर पुलिस और अग्निशमन विभाग लगातार जनजागरूकता अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को नरेंद्र नगर क्षेत्र में अग्निशमन एवं आपात सेवा केंद्र द्वारा व्यापक अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम एवं फायर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में संपन्न हुआ।
अभियान के तहत प्रभारी अग्निशमन अधिकारी शंकर चंद रमोला के नेतृत्व में दमकल सेवा टीम ने नरेंद्र नगर की आवासीय बस्तियों में पहुंचकर आमजन को आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। टीम ने घरेलू गैस सिलेंडर, विद्युत उपकरणों तथा अन्य ज्वलनशील पदार्थों के सुरक्षित उपयोग के संबंध में लोगों को जागरूक करते हुए प्राथमिक अग्निशमन उपायों की जानकारी भी दी।
इसके बाद दमकल इकाई नरेंद्र नगर द्वारा ढालवाला इंडस्ट्रियल एरिया स्थित प्रिंटओपेक औद्योगिक इकाई का फायर रिस्क निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परिसर में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकासी मार्गों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया। साथ ही कर्मचारियों को औद्योगिक क्षेत्र में संभावित अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव एवं आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित अग्नि मॉक ड्रिल में कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों को फायर एक्सटिंग्यूशर के प्रयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। खुले स्थान पर कृत्रिम रूप से आग लगाकर उसे अग्निशमन यंत्रों की सहायता से नियंत्रित एवं बुझाने का प्रदर्शन किया गया, जिससे लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल कार्रवाई करने की जानकारी प्राप्त हुई।
पुलिस एवं अग्निशमन विभाग द्वारा संचालित इस अभियान का उद्देश्य आमजन और औद्योगिक इकाइयों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक कर संभावित दुर्घटनाओं को रोकना तथा आपदा के समय प्रभावी प्रतिक्रिया के लिए तैयार करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित