टिहरी , अक्टूबर, 06 -- उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद टिहरी गढ़वाल जिला की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है।
मंगलवार को अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर अंतिम निर्वाचक नामावली के प्रकाशन की जानकारी दी गई। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम मतदाता सूची की हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी भी उपलब्ध कराई गई।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार एक जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर जिले की सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन तीन अक्टूबर को किया जा चुका है। 14 जुलाई को प्रकाशित प्रारूप सूची में जिले में कुल 4,63,628 मतदाता पंजीकृत थे, जबकि अंतिम सूची में यह संख्या बढ़कर 4,66,638 हो गई है। यानी पुनरीक्षण के बाद जिले में 3,010 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। अंतिम मतदाता सूची में 2,43,051 पुरुष, 2,23,583 महिला और चार उभयलिंग मतदाता शामिल हैं।
विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार घनसाली में मतदाताओं की संख्या 85,081 से बढ़कर 86,346, देवप्रयाग में 75,437 से बढ़कर 75,801, नरेंद्रनगर में 79,199 से बढ़कर 79,507, प्रतापनगर में 74,237 से बढ़कर 74,594, टिहरी में 66,877 से बढ़कर 67,185 और धनोल्टी में 82,797 से बढ़कर 83,205 हो गई है।
प्रशासन की ओर से अंतिम निर्वाचक नामावली की प्रतियां संबंधित पदाभिहीत स्थलों, मतदेय स्थलों तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों में उपलब्ध करा दी गई हैं। मतदाता सूची ऑनलाइन भी उपलब्ध कराई गई है।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि अंतिम मतदाता सूची के संबंध में यदि कोई व्यक्ति निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी के निर्णय से असंतुष्ट है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपील कर सकता है। साथ ही मतदाता सूची को लगातार अद्यतन करने की प्रक्रिया जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित