टिहरी , मई 29 -- उत्तराखंड में टिहरी गढवाल जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्वेता चौबे के नेतृत्व में चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" के तहत पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ शुक्रवार को बड़ी सफलता हासिल की है। कीर्तिनगर पुलिस ने एक शातिर तस्कर को 6.54 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 2.5 लाख रुपये आंकी गयी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एसएसपी चौबे ने जिले में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिये थे। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण में कोतवाली कीर्तिनगर पुलिस ने यूनिवर्सिटी तिराहा, चौरास पुल के समीप सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई, जिसके कब्जे से 6.54 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजू कार्की (28) पुत्र प्रेम कार्की निवासी बड़ियारगढ़, थाना कीर्तिनगर तथा मूल निवासी ग्राम संगलाकोटी, थाना सतपुली, जिला पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी पॉलीटेक्निक शिक्षित है लेकिन अधिक धन कमाने के लालच में नशे के अवैध कारोबार में शामिल हो गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी करीब एक माह पहले ही जेल से रिहा हुआ था और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। जेल से छूटने के बाद वह फिर से सक्रिय होकर युवाओं, विशेषकर कॉलेज छात्रों तक नशीले पदार्थ पहुंचाने का काम कर रहा था।

प्रारंभिक जांच में आरोपी का नेटवर्क टिहरी, पौड़ी और चमोली जिलों तक फैला होने की जानकारी मिली है। पुलिस अब उसके आर्थिक स्रोतों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली कीर्तिनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित