नयी दिल्ली , अक्टूबर 25 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों से हेंवल नदी को नया जीवन मिला है और इससे कई प्राकृतिक जल-स्रोतों को फिर से जीवित करने में मदद मिली है।

श्री मोदी ने आकाशवाणी से प्रसारित अपने मासिक कार्यक्रम 'मन की बात' की 139वीं कड़ी में रविवार को कहा कि भारत में प्रकृति के प्रति सम्मान की पुरानी परंपरा रही है और पूर्वजों ने आसपास स्वच्छता रखने तथा जल-स्रोतों की देखभाल को लोगों की जिम्मेदारी बताया है।

उन्होंने कहा कि टिहरी गढ़वाल में कुछ समय पहले हेंवल नदी में पानी कम होने लगा था और आसपास के प्राकृतिक जल-स्रोत भी सूख रहे थे। इसके बाद स्थानीय प्रशासन और गांव के लोगों ने मिलकर नदी को बचाने का अभियान चलाया। इसके तहत बारिश का पानी रोकने के उपाय किए गए, जमीन में पानी पहुंचाने के लिए काम किया गया और बड़ी संख्या में पौधे लगाए गए। इन प्रयासों से नदी को नया जीवन मिला और दर्जनों प्राकृतिक जल-स्रोतों को फिर से जीवित करने में मदद मिली है।

स्वच्छता मैं लोगों के सहयोग का आवान करते हुए श्री मोदी ने कहा कि जब समाज एकजुट होकर प्रयास करता है तो बदलाव आता है। उन्होंने कहा कि दीपावली और छठ के पर्व से पहले जगह-जगह सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं। लोगों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव ला सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित