टिहरी , अगस्त 06 -- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल के घनसाली क्षेत्र अंतर्गत नेलचामी रोड स्थित बैलगढ़ी गांव में लगातार हो रही बारिश के कारण गुरुवार को बरसाती नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया। तेज बहाव में नाले पर बना पुल बह जाने से गांव का संपर्क प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित बचाव अभियान चलाया और एक महिला को सुरक्षित नाले के पार पहुंचाया।
थाना घनसाली से सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ पोस्ट घनसाली की टीम पोस्ट प्रभारी उपनिरीक्षक गब्बर सिंह के नेतृत्व में आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि बरसाती नाले पर बना पुल तेज बहाव में बह चुका था जिससे दोनों ओर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया था। नाले के दोनों ओर बने मकानों में ग्रामीण सुरक्षित थे। घटनास्थल पर जिला पुलिस और तहसील प्रशासन की टीम भी मौजूद रही जबकि क्षेत्र में लगातार बारिश जारी थी।
स्थिति का आकलन करने के बाद एसडीआरएफ ने रस्सी बचाव तकनीक का उपयोग करते हुए श्रीमती विजयलक्ष्मी (55 वर्ष), पत्नी गब्बर सिंह को सुरक्षित नाले के पार पहुंचाया। नाले के दूसरी ओर मौजूद अन्य महिलाएं अपने घरों में सुरक्षित पाई गईं तथा घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
लगातार हो रही बारिश और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के समीप न जाने तथा अनावश्यक जोखिम उठाने से बचने की अपील की है। साथ ही खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित