टिहरी , जून 17 -- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल पुलिस द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में चलाए जा रहे नशा मुक्त भारत पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत जनपद में नशे के खिलाफ व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को कोतवाली कीर्तिनगर की चौकी दुगड्डा और थाना मुनि की रेती की चौकी शिवपुरी क्षेत्र में विशेष जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रमों में स्थानीय नागरिकों, युवाओं, छात्र-छात्राओं, दुकानदारों और पर्यटकों को नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शराब, मादक पदार्थों एवं अन्य नशीले पदार्थों का सेवन व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक जीवन को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान नागरिकों और युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। साथ ही उनसे अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी नशे के प्रति जागरूक करने का संकल्प कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि यदि किसी क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि दोषियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम में शामिल स्थानीय नागरिकों, छात्र-छात्राओं, व्यापारियों और पर्यटकों ने टिहरी पुलिस के इस अभियान की सराहना करते हुए नशा मुक्त समाज और नशा मुक्त उत्तराखंड के निर्माण में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित