टिहरी , मई, 8 -- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जनपद में विकासखंड जाखणीधार की ग्राम पंचायत चडियारा के राजस्व ग्राम पाली में शुक्रवार को 'सरकार जनता के द्वार' कार्यक्रम के तहत बहुउद्देशीय शिविर एवं जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने की। इस दौरान "अखरोट ग्राम" का लोकार्पण भी किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत अखरोट ग्राम परियोजना के तहत किसानों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय तथा प्रभारी जिलाधिकारी वरुणा अग्रवाल ने संयुक्त रूप से "अखरोट ग्राम" का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि पहाड़ के लोग मेहनती और मजबूत हैं तथा सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत ने कहा कि गांव स्तर पर ऐसे शिविर आयोजित होने से आमजन को मुख्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और स्थानीय स्तर पर समस्याओं का समाधान हो सकेगा।

प्रभारी जिलाधिकारी वरुणा अग्रवाल ने क्लस्टर आधारित अखरोट खेती को सराहनीय पहल बताते हुए किसानों से उद्यान विभाग के संपर्क में रहकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने अखरोट की खेती, फसल बीमा, कृषि यंत्रों और महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी भी दी।

जनसुनवाई के दौरान सड़क, पेयजल, गौशाला निर्माण, बंदरों के आतंक और अवैध शराब बिक्री से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से उठाई गईं। कैन्थोली-पुनाडू-बैसोली मोटर मार्ग की जर्जर स्थिति पर शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए गए। वहीं कैन्थोली-नैखरी मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य जल्द शुरू करने की बात अधिकारियों ने कही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित