टिहरी , अक्टूबर 24 -- उत्तराखंड में गंगा की निर्मलता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय पर्वतारोहण संस्थान (आईआईएसएम), पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से टिहरी गढ़वाल में संचालित रिवर राफ्टिंग कोर्स के प्रतिभागियों ने शनिवार को गंगा नदी के तटों पर स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के दौरान प्रशिक्षुओं ने नदी किनारे फैले कचरे, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट को एकत्र कर स्वच्छता का संदेश दिया।
स्वच्छता अभियान के माध्यम से प्रतिभागियों ने देश और प्रदेशवासियों से गंगा नदी को स्वच्छ रखने तथा प्लास्टिक के उपयोग से बचने की अपील की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और नदियों की स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए लोगों से इस दिशा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर आईआईएसएम गुलमर्ग के प्रधानाचार्य कर्नल ईश्वर सिंह थापा एसएम, वीएसएम, एमआईडी ने प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि एक एडवेंचर प्रोफेशनल का पहला कर्तव्य प्रकृति और नदियों का संरक्षण करना है। गंगा केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि हमारी जीवन रेखा भी है। इसे स्वच्छ और निर्मल बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
अभियान में संस्थान के प्रशिक्षकों और रिवर राफ्टिंग कोर्स के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस पहल ने साहसिक पर्यटन के साथ पर्यावरणीय जिम्मेदारी और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के महत्व को भी रेखांकित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित