टिहरी , मई 10 -- मातृत्व दिवस के अवसर पर रविवार को उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जनपद की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आइपीएस श्वेता चौबे ने अपने अधीनस्थ कार्यालय एवं विभिन्न शाखाओं में कार्यरत महिला पुलिस कार्मिकों के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। उन्होंने घर में मां का फर्ज और बाहर जन सुरक्षा के दायित्व को निभा रही इन कार्मिकों को अपने संबोधन से प्रेरित करने के साथ सम्मानित भी किया।
श्रीमती चौबे ने कहा कि एक पुलिस अधिकारी और एक मां के रूप में दोहरी भूमिका निभाना अदम्य साहस, धैर्य और उत्कृष्ट संतुलन का प्रतीक है। अपने पेशेवर और व्यक्तिगत जीवन के बीच इस कठिन तालमेल को बनाए रखने के लिए इन महिलाओं को सलाम! उन्होंने सभी महिला कार्मिकों को मातृत्व दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सुखद पारिवारिक जीवन की कामना की। उन्होंने साथ ही, महिला पुलिस कर्मियों को मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य, कार्य एवं परिवार के बीच संतुलन तथा सकारात्मक सोच बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित